फरीदाबाद. जिले की नीमका जेल में एक कैदी ने आत्महत्या कर ली. युवक ने बैरक की खिड़की से अपने पजामे के नाड़े की मदद से लटक कर जीवन लीला समाप्त कर ली. आत्महत्या के बाद युवक की कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट आई. वहीं युवक की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने रोड जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया. यहीं नहीं गुस्साए ग्रामीणों ने चांदपुर चौकी पर हमला कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल भेजा गया है. मौके पर हालात वेहद तनावपूर्ण हैं
बता दें कि 10 जून को गांव शाहजहांपुर और चांदपुर के युवकों के बीच हुए विवाद से है. दोनों गांवों के युवक रोजाना सुबह-शाम काफी संख्या में दौड़ लगाते हैं. बुधवार 10 जून की सुबह दोनों गांवों के युवक दौड़ लगा रहे थे. इस दौरान किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गए. झगड़े की खबर सुनकर ग्रामीण पहुंच गए और दोनों गांवों के युवकों को समझा-बुझा कर घर भेज दिया था.
बाद में एक बार फिर शाहजहांपुर के युवक एकत्रित होकर चांदपुर पहुंच थे. झगड़े की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दे दी थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. इस दौरान युवकों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट की थी. युवकों ने पुलिस की जिप्सी के शीशे तोड़ दिए थे और एएसआइ सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए थे.
पुलिस ने इस मामले में 30 युवकों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और ड्यूटी समय में पुलिसकर्मियों से झगड़ा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था. इस दौरान पुलिस ने सोनू नाम के एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. अब सोनू ने जेल में आत्महत्या कर ली जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है.
