जमुई. जमुई जिले के झाझा शहर के पुरानी बाजार में रहने वाले एक युवक ने जहर खाकर खुदकुशी की कोशिश की है. खुदकुशी के पहले युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल किया है जिसमें उसने जमीन विवाद को लेकर झाझा के थानाध्यक्ष और एसडीपीओ समेत कई लोगों पर पक्षपात करने का आरोप लगाया है. वायरल वीडियो में युवक ने खुद को मानसिक प्रताड़ित बताते हुए जमीन पर दूसरे लोगों द्वारा कब्जे की बात कही है. इस वजह से आत्महत्या करने के लिए खुद को मजबूर बताया है. हालांकि, गंभीर स्थिति में युवक को पटना रेफर किया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है.दरअसल, जमुई जिले के झाझा शहर के पुरानी बाजार में रहने वाला युवक दीपक कुमार शर्मा साइबर कैफे का व्यवसाय करता है. उसने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान देने की कोशिश की है. आत्महत्या की कोशिश करने के बाद जब लोगों को जानकारी मिली तो उसे तुरंत झाझा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां से उसे चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति में बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. जहर खाने से पहले युवक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो वायरल किया है. वीडियो वायरल कर युवक ने झाझा पुलिस के अलावा कई लोगों को सकते में डाल दिया है. वायरल वीडियो में उसने खुद को मानसिक रूप से प्रताड़ित बताया है. युवक ने आरोप लगाया है कि झाझा निवासी मुन्ना गुप्ता द्वारा उसके जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है.
वीडियो वायरल कर युवक ने जमीन कब्जा करने में मुन्ना गुप्ता को मदद करने का आरोप झाझा थाना अध्यक्ष सिद्धेश्वर पासवान और एसडीपीओ भास्कर रंजन पर भी लगाया है. युवक ने इस वीडियो में पूर्व मंत्री पर भी दूसरे पक्ष की पैरवी करने का आरोप लगाया है. आत्महत्या की कोशिश करने वाला युवक ने वायरल वीडियो में कहा कि वह जनप्रतिनिधि से लेकर अधिकारी तक गुहार लगाया पर किसी ने नहीं सुनी, जिस कारण वह और उनका परिवार परेशान है.
पक्षपात के आरोप को गलत बताते हुए इस मामले में झाझा एसडीपीओ भास्कर रंजन का कहना है कि बीते 12 जून को विवादित जमीन को लेकर युवक का वकील आवेदन लेकर आए थे. इसके बाद आवेदन के आधार पर कार्रवाई करते हुए 15 जून से ही उस जमीन पर धारा 144 के तहत कार्रवाई की गई है. विवादित जमीन पर निर्माण का काम भी बंद है. आत्महत्या की कोशिश से पहले युवक द्वारा वीडियो वायरल करने के इस मामले में डीएम धर्मेंद्र कुमार ने बताया है कि इलाज कर रहे चिकित्सक से बात हुई है. युवक अभी स्थिर है. साथ ही युवक ने जिस विवादित जमीन का जिक्र किया है उसका स्थल रिपोर्ट के लिए एसडीओ को निर्देश दिया गया है.
