उत्तर प्रदेश के रामपुर में अब अनलॉक वन का दौर चल रहा है. रामपुर के जौहर अली मार्ग पर एक दूल्हे का मास्क न पहनने के चलते चालान कर दिया गया. दू्ल्हे ने मास्क नहीं लगया था. दूल्हे ने सेहरा और नोटों की माला भी पहनी थी लेकिन मास्क को नजरअंदाज कर दिया. कार में सवार दूल्हे को रोककर चालान काट दिया गया.स्थानीय प्रशासन कोरोना संकट से बचने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और मास्क लगाने पर सख्ती बरत रहा है. कोविड-19 के मद्देनजर सभी मानकों और शर्तों का पालन करने पर स्थानीय प्रशासन जोर भी दे रहा है.एक लंबे अरसे तक लॉकडाउन के बाद रामपुर में अनलॉक 1.0 लागू किया गया है. सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखते हुए मार्केट खोले जाने हैं, वहीं सभी का मास्क लगाना अनिवार्य है. कोविड-19 के मानकों के अनुरूप समस्त नियम व शर्तों का पालन करना अनिवार्य है. रामपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर चेकिंग के दौरान जिलाधिकारी रामपुर आंजनेय कुमार सिंह जौहर अली मार्ग से होकर गुजर रहे थे, तभी वहां से गुजर रहे कार सवार दूल्हे को बिना मास्क देखकर उन्होंने कार रुकवाई, दूल्हे को कार से उतारकर उसका 200 रुपये का चालान काट दिया.
