राजस्व प्रकरणों का समय सीमा में हो निराकरण: मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल
एक ही प्रजाति के फलदार पौधों का एक स्थान पर करें रोपण
रायपुर, 30 जून 2022
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज मनेन्द्रगढ़ में अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए हाट बाजार क्लिनिक योजना के तहत शिविरों की टाइमिंग का प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर होना चाहिए, इसके लिए अधिकारियों को सतत मॉनिटरिंग करने की आवश्यकता है। उन्होंने राजस्व प्रकरणों के संबंध में अधिकारियों को नामांतरण और बंटवारे की पंजी बनाने और उसे अद्यतन करते रहने के निर्देश दिए। बंदोबस्त त्रुटि के प्रकरणों का भी निराकरण समय सीमा में करें। अधिकारियों से कहा कि देवगुड़ियों के उन्नयन के कार्यों में तेजी लाएं, देवगुड़ी के उन्नयन के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्य को सम्पादित करें। अधिकारियों से कहा गया कि जमीन बंटवारे के संबंध में 170 ख के नियमों का पालन करें।
