मुंगेली. छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में कोरोना बहुत तेजी से पैर पसारने लगा है. सोमवार को मुंगेली में 30 कोरोना पॉजिटिव मरीज (COVID-19) मिलने से पूरे जिले में हडकंप मच गया. अब मुंगेली प्रदेश में कोरोना का नया हॉटस्पॉट बनता जा रहा है. मुंगेली जिले में एक ही दिन में 30 पॉजिटिव मरीज मिलने से प्रशासन की नींद उड़ गई है. 30 पॉजिटिव में 21 पुरूष और 9 महिला मरीज है. जिले में अब टोटल मरीजों की संख्या 43 हो गई है.
मुंगेली कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र ने बताया कि सभी पॉजिटिव मरीज अभी क्वारंटाइन सेंटर में हैं. कलेक्टर ने बताया कि 40 प्रवासी मजदूर जो आगरा से आये थे 26 पॉजिटिव मरीज उसी ग्रुप से कनेक्टेड हैं. मिली जानकारी के अनुसार यूपी के आगरा से 16 मई को जिले के 40 मजदूर बस से पहुंचे थे जिन्हें उनके गांवों में अलग-अलग 17 क्वारंटाइन सेंटर में ठहराया गया था. पहला पॉजिटिव इसी ग्रुप से 19 मई को सामने आया था. वहीं कलेक्टर ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि घबराए नहीं बल्कि लॉकडाउन के नियमों का पालन करें. घर पर ही रहकर प्रशासन का सहयोग करें. मुंगेली में कलेक्टर के आदेश से 28 मई तक टोटल लॉकडाउन किया गया है. मुंगेली जिला जो लॉकडाउन शुरू होने के बाद लंबे समय तक ग्रीन जोन में रहा और यहां पहला मामला 19 मई को सामने आया है.
1 पाजिटीव मरीज- 19मई 2 पाजिटीव मरीज- 21मई 9 पाजिटीव मरीज- 23मई
1 पाजिटीव मरीज- 24मई 30 पाजिटीव मरीज- 25मई
