सार
सभी बच्चों को उनके घर में ही होम आइसोलेट किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम उन पर नजर रख रही है। इसके बाद प्रशासन ने 5 दिन के लिए स्कूल बंद कर दिया है।
विस्तार
259 बच्चों का एक साथ करवाया गया एंटीजन टेस्ट
मामले में तेजी तब आई जब बेमेतरा के बेरला पंचायत क्षेत्र के देवभूमि देवरबीजा स्थित कुमारी देवी चौबे शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल के 5 शिक्षकों की रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव आ गई। इसके बाद स्कूल में 10वीं क्लास में पढ़ने वाले 259 बच्चों का एंटीजन टेस्ट किया गया था। जिसमें से 23 बच्चे संक्रमित मिले हैं। जिले में पहला मामला है, जब इतनी बड़ी संख्या में बच्चे पॉजिटिव आए हैं। इनके अलावा नवागढ़ और बेमेतरा ब्लॉक में भी 25 बच्चे संक्रमित मिले हैं।
बेरला एसडीएम संदीप ठाकुर ने बताया कि स्कूल को 5 दिन के लिए बंद कर दिया गया है। हालांकि बाकी टीचर स्कूल आते रहेंगे। क्षेत्र प्रभारी खिया सिंह ने बताया कि बच्चों की एंटीजन किट से जांच की गई थी। इस दौरान किसी भी बच्चे को कोई परेशानी नहीं हुई है। इसके अलावा टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। जिले में पिछले 48 घंटे में 131 नए केस मिले हैं। इसके बाद एक्टिव मरीजों की संख्या 307 हो गई है। वहीं अब तक 317 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। बच्चों में फैलते संक्रमण ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है।
