श्री हनुमान श्याम मंदिर में होगी भजन संध्या
राजनांदगांव । खाटू वाले श्याम प्रभु का जन्मोत्सव कार्तिक शुक्ल एकादशी को संपूर्ण भारत वर्ष ही नहीं वरन विश्वभर में फैले श्याम भक्तों के द्वारा बड़ी श्रद्धा – भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया जाता है । संस्कारधानी नगरी में श्री हनुमान श्याम मंदिर में विराजित खाटू वाले श्याम प्रभु के जन्मोत्सव पर पंच दिवसीय भव्य समारोह आयोजित हो रहा है । समारोह के चतुर्थ दिवस आज 14 नवंबर रविवार को एकादशी की पावन रात्रि कोजयपुर निवासी सुप्रसिद्ध श्याम सेवक आयुष सोमानी के द्वारा अपनी ओजस्वी वाणी से श्याम प्रभु के सुमधुर भजनों से संस्कारधानी नगरी को गुंजायमान किया जावेगा ।श्री राम दरबार समिति द्वारा संचालित श्री हनुमान श्याम मंदिर को बहुत ही भव्य स्वरूप में सजाया गया है । श्री श्याम प्रभु के अलौकिक श्रृंगार का दर्शन भक्तों के हृदय को अल्हादित कर देगा । इस वर्ष पहली बार श्री श्याम प्रभु की अद्भुत छवि के दर्शन को दर्शक निहारते रह जाएंगे ।
श्री राम दरबार समिति के सुरेश डूलानी , पुरुषोत्तम अजमानी , संजय भोजानी , नथमल कोटडिया , दिलीप गुप्ता , गणपत सुराना , सी ए राजेश जैन , दिलीप खंडेलवाल , शिव अग्रवाल के साथ ही श्याम भक्त विष्णु प्रसाद लोहिया , नरेंद्र शर्मा , रामकिशन खंडेलवाल ने नगर एवम अंचल के श्रद्धालु भक्त माता – बहनों एवम बंधुओं से आग्रह किया है कि इस पावन महोत्सव पर आयोजित भजन संध्या में सपरिवार उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त करें ।
