राजनांदगांव . छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक ने राज्य शासन के नियमित शासकीय कर्मचारियों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य शासन और छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के बीच स्टेट गवर्नमेंट सैलरी पैकेज को लेकर समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
इस एमओयू के तहत राज्य कर्मचारियों के लिए आकर्षक और लाभकारी वेतन खाता सुविधाएं प्रारंभ की गई है। इसके अंतर्गत कर्मचारियों को न्यूनतम शेष राशि की बाध्यता से पूर्णतः मुक्त खाता, एसएमएस अलर्ट, मोबाइल व इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
डेबिट कार्ड का वार्षिक शुल्क शून्य तथा रुपए का रुपए कार्ड निशुल्क प्रदान किया जाएगा। साथ ही ऑटो स्वीप सुविधा के माध्यम से अतिरिक्त शेष राशि पर स्वतः सावधि जमा का लाभ भी मिलेगा। इस योजना में बीमा सुरक्षा जिसके अंतर्गत पात्र कर्मचारियों को 25 लाख से 1 करोड़ रुपए तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर, 60 लाख रुपए का अतिरिक्त हवाई दुर्घटना बीमा तथा 10 लाख रुपए का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस कवर प्रदान किया जाएगा।
स्थायी दिव्यांगता तथा आंशिक दिव्यांगता की स्थिति में इंश्योरेंस कवर प्रदान किया जाएगा। व्यक्तिगत व वाहन ऋण पर प्रोसेसिंग शुल्क में 50 प्रतिशत तथा आवास ऋण पर 100 प्रतिशत की रियायत दी जाएगी। लॉकर किराए में भी निर्धारित श्रेणी अनुसार 20 से 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी।







