राजनांदगांव , मादक पदार्थों से संबंधित प्रकरणों की प्रभावी जांच, सुदृढ़ दस्तावेजीकरण एवं न्यायालयीन दोषसिद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को मंगल भवन, पुलिस लाईन में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। आईजी राजनांदगांव रेंज बालाजी राव एवं एसपी अंकिता शर्मा उपस्थित रहे। पुलिस महानिरीक्षक ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य एक्ट की कार्रवाई की विवेचना का स्तर सुधारना और आरोपियों की दोष सिद्धि में बढ़ोतरी करना है।
जिससे शासन की मंशा अनुरूप छत्तीसगढ़ राज्य को नशा मुक्त बनाया जा सके। एसपी शर्मा ने अपने उद्बोधन में मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, तकनीकी रूप से मजबूत विवेचना एवं टीम वर्क की आवश्यकता पर बल दिया। इस कार्यशाला को विवेचकों के लिए बहुत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक, प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार, डीएसपी नवी मोनिका पांडे, प्रशिक्षु डीएसपी सुमन जायसवाल सहित राजनांदगांव रेंज के चारों जिलों से सहायक उप निरीक्षक से निरीक्षक स्तर तक कुल लगभग 90 अधिकारियों ने सहभागिता की। विशेष रूप से एनडीपीएस एक्ट के 18 प्रकरणों में न्यायालय द्वारा दोषसिद्धि पारित करने पर संबंधित प्रकरण के विवेचना अधिकारियों उत्साहवर्धन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।




