रायपुर । केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में प्रभावी और सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जहां पहले से ही “धान का कटोरा” के रूप में जाना जाता है, वहीं अब फल और सब्जियों के उत्पादन में हो रही तेज वृद्धि राज्य में कृषि के सकारात्मक बदलाव को दर्शाती है। यह किसानों की मेहनत और सरकार की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है।
महानदी मंत्रालय भवन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा कृषि विभाग की समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पिछले डेढ़ वर्षों में छत्तीसगढ़ को 18 लाख 12 हजार 742 पक्के मकानों की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए 15 हजार और पीएम जनमन योजना के अंतर्गत 33 हजार अतिरिक्त आवास भी स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी गरीब परिवार बिना पक्के मकान के न रहे।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत राज्य में लगभग 47,847 किलोमीटर लंबी 10,199 सड़कों को मंजूरी मिली है, जिनमें से अधिकांश का निर्माण पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।




