राजनांदगांव, बसंत पंचमी पर शुक्रवार को देवांगन समाज अपनी कुलदेवी मां परमेश्वरी की जयंती महोत्सव के रूप में मनाने जा रहा है। शहर की सभी इकाई संगठनों के द्वारा विविध धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजन किए जाएंगे। शोभायात्रा, कथा, पूजा परिचय सम्मेलन, आदर्श विवाह के साथ खेल और मनोरंजन कार्यक्रम महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेंगे। शहर स्तरीय मुख्य कार्यक्रम नगर देवांगन समाज द्वारा गुरु घासीदास भवन, जीई रोड में आयोजित किया जाएगा। शंकरपुर, बसंतपुर, तुलसीपुर, ममता नगर, मोतीपुर और बजरंगपुर नवागांव में समारोह आयोजित होंगे।
नगर देवांगन समाज द्वारा आयोजित यह महोत्सव अपने 11वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। कार्यक्रम दो सत्रों में होगा। सुबह 10 बजे पूजा-आरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके बाद परिचय सम्मेलन, नृत्य प्रस्तुति, कुर्सी दौड़ स्पर्धा, रंगोली, चित्रकला स्पर्धा होगी। वहीं दोपहर में 2 बजे उद्घाटन सत्र में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि होंगे। अध्यक्षता सांसद संतोष पांडे करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मधुसूदन यादव, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, कोमल सिंह राजपूत सहित समाज के प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी होंगे। मीडिया प्रभारी मनोज देवांगन ने यह जानकारी दी।
महोत्सव संग पारिवारिक मिलन समारोह भी होगा अध्यक्षता शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार करेंगे। विधायक दलेश्वर साहू, भोलाराम साहू, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। तुलसीपुर, ममतानगर इकाई द्वारा लेबर कॉलोनी प्रगति मैदान, तुलसीपुर स्थित सामुदायिक भवन में मां परमेश्वरी महोत्सव एवं पारिवारिक मिलन समारोह होगा। सुबह 9.30 बजे षोडशोपचार पूजन, हवन एवं सामूहिक आरती से शुभारंभ होगा। 11.30 बजे से मंचीय सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी। महिला एवं पुरुष वर्ग के लिए गुब्बारा फुलाना, जलेबी दौड़ स्पर्धा कराई जाएगी।
समारोह के दौरान दो जोड़े परिणय सूत्र में बंध जाएंगे दोपहर 2.30 बजे प्रीतिभोज के बाद खेलकूद स्पर्धा शुरू होंगी। कुर्सी दौड़, रस्सा खींच, मटका फोड़, चम्मच-गोली दौड़ स्पर्धा होगी। शाम 4.30 बजे सामाजिक सम्मान एवं पुरस्कार वितरण से समापन होगा। नगर देवांगन समाज के दयावान देवांगन ने बताया महोत्सव के दौरान समाज के खर्च पर इस वर्ष दो जोड़ों का आदर्श विवाह संपन्न कराया जाएगा। नागपुर महाराष्ट्र निवासी विजय कुमार का विवाह दपका निवासी लक्ष्मी देवांगन से, शंकरपुर निवासी भुवनलाल का विवाह इंदिरा माता नगर, नागपुर निवासी सुलोचना के साथ संपन्न होगा।






