राजनांदगांव, अफसरों ने कार्रवाई करते हुए 223 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। साथ ही धान परिवहन में प्रयुक्त वाहनों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। यह कार्रवाई जिले की अंतर राज्यीय एवं अंतर जिला सीमाओं पर की जा रही सघन जांच के दौरान की गई। बीती रात लगभग 1:30 बजे अपर कलेक्टर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तहसील घुमका अंतर्गत ठेलकाडीह चौक में घेराबंदी कर जांच की। इस दौरान कोंडागांव से राजनांदगांव की ओर आ रहे एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 140 क्विंटल धान बिना किसी वैध दस्तावेज के पाया गया। तहसील छुरिया के ग्राम पंचायत हाटबंजारी में की गई कार्रवाई में रामस्वरूप के घर से 48 क्विंटल अवैध धान बरामद किया गया है। जांच में धान के महाराष्ट्र सीमा से अवैध रूप से लाकर संग्रहित किए जाने की पुष्टि हुई।
इसी क्रम में तहसील कुमर्दा के ग्राम मुंजालकला में भूषण देवांगन के पास से 35 क्विंटल धान जब्त किया गया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान की अवैध आवक रोकने सभी सीमाओं पर चेक पोस्ट सक्रिय है। बिना वैध दस्तावेजों के धान परिवहन या संग्रहण पाए जाने पर धान के साथ संबंधित वाहन और व्यक्तियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






