Home छत्तीसगढ़ राजनांदगांव : जिले में अब तक 13 करोड़ का अवैध धान जब्त…

राजनांदगांव : जिले में अब तक 13 करोड़ का अवैध धान जब्त…

27

राजनांदगांव , धान खरीदी अंतिम चरण पर है। इधर प्रशासन की सख्ती काम आई। कोचियों और बिचौलियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है। इन पर लगाम लगाने जहां सीमावर्ती क्षेत्रों में सख्ती बरती गई है। वहीं राजस्व व मंडी की टीम के द्वारा लगातार छापेमार कार्रवाई की जा रही है।

इस वजह से सीजन में अब तक 13 करोड़ रुपए कीमती अवैध धान जब्त किया जा चुका है। जिले में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में धान का अवैध परिवहन व भंडारण पर कार्रवाई की गई है। अब तक 45 हजार क्विंटल अवैध धान की जब्ती की गई है। प्रशासन का दावा है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

प्रशासन ने इस अवैध परिवहन में लगे 47 वाहनों को भी जब्त किया गया है। इन्हें राजसात करने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं कुछ कोचियों और बिचौलियों को जेल भी भेजा जा रहा है। राजनांदगांव, डोंगरगांव व डोंगरगढ़ अनुभाग मिलाकर अब तक 235 प्रकरण बनाए गए हैं। हाल ही में जिले के अंतरराज्यीय सीमा पर 1.50 करोड़ रुपए कीमत के 6 ट्रक, 4 पिकअप एवं 845 क्विंटल धान जप्त किया गया था। मामले में 4 बिचौलियों पर एफआईआर भी की गई थी। वहीं एक बिचौलिए को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

कलेक्टर के निर्देश पर अंतरराज्यीय सीमाओं पर चेक पोस्ट में कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए सघन निरीक्षण किया जा रहा है। कलेक्टर ने कोचियों एवं बिचौलियों के अवैध धान के परिवहन तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने कहा है।

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने सभी कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वास्तविक किसानों की शुद्ध धान की खरीदी करें। इसमें किसी प्रकार की गलती नहीं होनी चाहिए। किसानों को धान खरीदी केन्द्रों में धान की बिक्री में दिक्कत नहीं होनी चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान होना चाहिए। धान की एन्ट्री, भौतिक सत्यापन एवं निरीक्षण के कार्य लगातार करते रहे। उन्होंने धान खरीदी के कार्य के दौरान लापरवाही एवं अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Previous articleराजनांदगांव : तीरंदाजी प्रतियोगिता 18 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में रखी है…
Next articleमुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की नगर पंचायत भटगांव के विकास के लिए एक करोड़ रुपए की घोषणा