खैरागढ़। ग्राम पिपलाकछार में आयोजित पारंपरिक मंडई मेले के दौरान हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। घटना के बाद से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना 13 जनवरी 2026 की शाम की है। ग्राम पिपलाकछार के बाजार चौक में मंडई मेला चल रहा था, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों से आए लोग मौजूद थे। शाम करीब 7 बजे झूले में कूदने को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। विवाद बढ़ता देख वहां मौजूद 26 वर्षीय मोरध्वज पटेल बीच-बचाव के लिए आगे आया।
इसी दौरान आरोपी हेमचंद उर्फ हर्षू निषाद ने गुस्से में आकर मोरध्वज पर धारदार हथियार से प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में मोरध्वज गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव रेफर किया गया।
इलाज के दौरान मोरध्वज ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। प्रार्थी देशबंधु पटेल की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि बीच-बचाव के दौरान मृतक की विधि से संघर्षरत बालक से भी कहासुनी हुई थी। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाते हुए बालक ने भी चाकू से मृतक के पेट पर जानलेवा वार किया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुखबिरों को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। इसके परिणामस्वरूप 14 जनवरी 2026 को मुख्य आरोपी हेमचंद उर्फ हर्षू निषाद, निवासी अमलीडीह खुर्द को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि सार्वजनिक आयोजनों और मेलों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।




