रायपुर। राजधानी रायपुर में ड्रग्स बेचने के 2 आरोपी पुलिस थाने से हथकड़ी खोल कर फरार हो गए है। 5 दिसंबर की रात पुलिस 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने लाई थी, अगले दिन मौका पाकर दो आरोपी भाग निकले। पुलिस फिर से उनकी तलाश कर रही है। मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र का है।
आरोपी साइंस कॉलेज मैदान के पास रात में एक कार में पहुंचे थे। जहां वे ड्रग्स बेचने की फिराक में ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हुई और मौके पर पहुंचकर कर आरोपियों को गिरफ्तार किया था। तस्करों के कब्जे से 26.22 ग्राम हेरोइन बरामद किया गया था, जिसकी कीमत ढाई लाख रुपए से ज्यादा की थी। वहीं, पुलिस ने कार, मोबाइल, ड्रग्स समेत 23 लाख का सामान भी जब्त किया है। रायपुर पुलिस मे अभियान चलाकर ड्रग्स तस्करों पर बीते दिनों कार्रवाई की थी। कार्रवाई के दौरान महिला ड्रग्स तस्कर भी पकड़ी गई थी। ड्रग्स तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात पुलिस अधिकारियों ने की है।






