खैरागढ़ । शहर सहित अंचल में लगातार बढ़ रहे कोरोना मरीजों के बाद भी नगर के सरकारी शराब दुकान सहित बाजारों में भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। रोजाना बड़ी संख्या में मदिरा प्रेमी ग्रामीण क्षेत्रों से शराब लेने पहुंच रहे हैं और बिना किसी शारीरिक दूरी के शराब खरीद रहे हैं। इससे संक्रमण बढे का खतरा मंडरा रहा है। क्योंकि रोजाना कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। वहीं संक्रमण के चलते क्षेत्र में रोजाना लोगों की जान भी जा रही है। उसके बाद भी न ही लोगों में संक्रमण के प्रति भय देखने को मिल रहा है और न ही शासन-प्रशासन कोई ध्यान दे रहे हैं। शराब दुकान के सामने सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है, जो न ही शारीरिक दूरी का पालन कर रहे हैं और न ही वहां मास्क व सेनेटाईजर का उपयोग हो देखने को मिल रहा है। शराब दुकान के साथ ही लोग आसपास संचालित चखना दुकानों में भी अधिक भीड़ देखने को मिल रही है। चखना दुकानों में एक साथ कई लोग शराब का आनंद लेते हैं। लेकिन इन पर भी कोई लगाम नहीं लगाया जा रहा है।
बाजारों में भी नहीं रहा नियंत्रण सरकारी शराब दुकान के साथ ही अब बाजारों में भी लोगों की भीड़ में नियंत्रण नहीं है। बढ़ते संक्रमण की जानकारी होने के बाद भी लोग बिना किसी शारीरिक दूरी के बाजार में खरीददारी कर रहे हैं। शहर के सबसे व्यस्ततम इलाका इतवारी बाजार में आसपास क्षेत्र के सैकड़ों लोग सब्जी खरीदने पहुंच रहे हैं, जो बिना मास्क के ही चले आते हैं। वहीं कुछ सब्जी विक्रेता भी बिना मास्क के ही सब्जी बेचने लग जाते हैं। शासन के द्वारा मास्क नहीं लगाए जाने वाले व्यक्तियों पर प्रति व्यक्ति 500 रुपये का फाइन लिया जा रहा है।
