बचपन या जवानी में अक्सर की गई गलतियां आगे चलकर स्वास्थ्य को बड़ा नुकसान पहुंचा सकती हैं। इसमें हृदय संबंधी समस्याएं भी शामिल हैं। अगर आप सेहत के प्रति लापरवाह रहेंगे तो निश्चित तौर पर ये आपके लिए घातक साबित हो सकता है। आपको स्वस्थ रहना है और दिल को भी स्वस्थ बनाए रखना है, तो आपको अपनी कुछ आदतें बदलनी होंगी, क्योंकि इनका सीधा असर आपके दिल पर ही पड़ता है और ये आगे चलकर कई तरह की बीमारियों का कारण बन सकता है। आइए जानते हैं उन आदतों के बारे में जो दिल के लिए घातक साबित हो सकती हैं और आपको इस बात का ध्यान रखना होगा।
धूम्रपान से बचें
हार्वर्ड मेडिकल स्कूल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सिगरेट और सिगार का धुआं दिल और धमनियों के लिए उतना ही बुरा है जितना फेफड़ों के लिए। अगर आप धूम्रपान करते हैं, तो उसे छोड़ना आपके स्वास्थ्य का सबसे बड़ा उपहार हो सकता है, जिसे आप स्वयं दे सकते हैं। इसलिए अगर आप अपने दिल को स्वस्थ बनाए रखना चाहते हैं, तो यह जरूरी है कि आप धूम्रपान से बचें।
कम मात्रा में शराब पिएं (अगर पीते हैं तो)
विशेषज्ञ कहते हैं कि शराब का सेवन सेहत के लिए हानिकारक होता है, इसलिए बेहतर होगा कि आप अगर नहीं पीते हैं तो न ही पिएं, लेकिन अगर आप शराब पीते हैं तो बेहत ही कम मात्रा में पिएं, क्योंकि ज्यादा मात्रा में इसका सेवन दिल पर बहुत बुरा असर डाल सकता है।
फल, सब्जियों का सेवन करें
कई लोगों की यह आदत होती है कि वह फलों और सब्जियों का सेवन करने के बजाय जंक फूड ज्यादा खाना पसंद करते हैं, जबकि कई शोधों में यह कहा जा चुका है कि जंत फूड सेहत के लिए हानिकारक होते हैं। एक शोध के मुताबिक, फलों और सब्जियों का पर्याप्त मात्रा में सेवन नहीं करने वाले लोगों की तुलना में इनका सेवन करने वाले लोगों को हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा कम होता है।
ज्यादा तनाव
अक्सर कई लोग अपने भविष्य को लेकर या किसी और बात को लेकर काफी चिंतित रहते हैं और इसकी वजह से वो हमेशा तनाव में रहने लगते हैं। विशेषज्ञ कहते हैं कि लंबे समय तक अगर आप तनाव में रहेंगे तो हार्ट अटैक की संभावना बढ़ जाती है।
शारीरिक श्रम का अभाव
कई लोग आलस की वजह से शारीरिक श्रम नहीं करते हैं, लेकिन विशेषज्ञ कहते हैं कि शारीरिक श्रम का अभाव बहुत सी बीमारियों का कारण बन सकता है। इसमें मोटापे से लेकर दिल की बीमारियां तक शामिल हैं। इसलिए स्वस्थ रहने के लिए आप खुद को एक्टिव बनाए रखें।
