राजनांदगांव ।इस बार भी रंगोत्सव कोरोना संक्रमण के खतरों के बीच मनाया जाएगा। जिले में हर दिन नए मरीजों की संख्या बढ़ रही है। शहर में आंकड़ा 100 के करीब है। ऐसे में होली पर कोरोना को लेकर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना ही बेहतर माना जा रहा है। इसी को लेकर शांति समिति की बैठक में सभी ने एक स्वर में कहा कि त्योहार में लोगों को जागरूकता का परिचय देना होगा। कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में होलिका दहन व होली त्योहार को कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन करते हुए एवं शांति पूर्ण ढंग से संपन्ना करने पर जोर दिया गया।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले व राजनांदगांव नगरवासियों से रंगों के पर्व होली त्योहार को शासन द्वारा जारी निर्देश के अनुरूप कोविड-19 संक्रमण को ध्यान में रखते हुए आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की गई। बैठक में पूर्व सांसद श्री मधुसूदन यादव, विधायक प्रतिनिधि लीलाराम भोजवानी, सर्व समाज प्रमुख, पत्रकार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजीत वसंत, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम राजनांदगांव मुकेश रावटे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी सहित शांति समिति के सदस्य शामिल थे।
0 सभी से सहयोगी की अपील की गई कलेक्टर ने राजनांदगांव नगरवासियों से संस्कारधानी नगरी राजनांदगांव के गरिमा के अनुरूप सभी धर्मों एवं संप्रदायों का सम्मान करते हुए कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए समाज के सभी वर्गों के सहयोग एवं आपसी भाईचारा के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि होली में सार्वजनिक आयोजन एवं भीड़ न करें। बैठक में होली त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्ना कराने हेतु जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों के संबंध में भी जानकारी दी गई। कलेक्टर ने सर्व समाज प्रमुखों को समाज में कोविड-19 प्रोटोकाल के लिए जारी निर्देशों का पालन के लिए जागरूक करने को कहा। उन्होंने कहा कि शहर के सभी वार्डों से कोरोना के केस आ रहे हैं। इसका प्रमुख कारण कोरोना प्रोटोकाल का पालन नहीं करना है।
0 घर में ही रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें बैठक में बताया गया कि महाराष्ट्र सीमा से लगे होने के कारण राजनांदगांव में संक्रमण अधिक फैलने का खतरा है। स्थानीय नागरिकों का दुर्ग, रायपुर लगातार आवागमन हो रहा है। इन परिस्थितियों में कोरोना प्रोटोकाल का पालन करना जरूरी है। जिन घरों में कोरोना के मरीज हैं, उनके परिजन घर में ही रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें. उन्होंने नागरिकों से कोविड-19 के लक्षण होने पर 24 घंटे के भीतर जांच कराने अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में टीकाकरण का कार्य लगातार किया जा रहा है। 60 वर्ष से अधिक तथा 45 से 59 वर्ष के गंभीर बीमारी व्यक्ति कोविड टीका जरूर लगाएं।
0 रहेगा पुलिस का पुख्ता बंदोबस्त कलेक्टर वर्मा ने उपस्थित लोगों से संक्रमण से सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने तथा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी लिए। बैठक में पुलिस विभाग के अधिकारियों ने होली त्योहार को निर्विघ्न रूप से संपन्ना कराने पुलिस प्रशासन द्वारा की जाने वाली तैयारियों के संबंध में जानकारी दी। एडिशनल एसपी सुरेशा चौबे ने बताया कि त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्ना करने हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा पुख्ता बंदोबस्त किया गया है। 24 पुलिस पेट्रोलिंग दल बनाए गए हैं। महिला पुलिस के पांच दल बनाए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से सभी क्षेत्रों को अलग-अलग सेक्टर में बांटा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त पेट्रोलिंग दल बनाया गया है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को पुलिस प्रशासन की किसी प्रकार की आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
