Home छत्तीसगढ़ राजनांदगांव : शिवनाथ नदी मोहारा में संचित रेत – मिट्टी के टीलों...

राजनांदगांव : शिवनाथ नदी मोहारा में संचित रेत – मिट्टी के टीलों को हटाने डॉ रमन सिंह जी को ज्ञापन

36

राजनांदगांव। संस्कारधानी के लोकप्रिय विधायक एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष माननीय डॉ रमन सिंह जी के नगर आगमन पर श्री शिवनाथ क्षेत्रीय विकास समिति के अध्यक्ष डॉ डी सी जैन, उपाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, कचरू प्रसाद शर्मा, राकेश इंदुभूषण ठाकुर, अकील भाई ने उनसे भेंट कर नगर की पेय जल समस्या के स्थायी समाधान के लिए शिवनाथ नदी मोहारा के एनीकट में संचित रेत–मिट्टी के टीलों को हटाने तथा एनीकट की गहराई बढ़ाने हेतु एक ज्ञापन सौंप कर चर्चा की।
           समिति द्वारा सौंपे ज्ञापन में डॉ रमन सिंह जी द्वारा वर्ष 2010 में नदी में संचित रेत–मिट्टी की सफाई हेतु आयोजित शिवनाथ बचाओ अभियान एवं 2015 में सांसद अभिषेक सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न अभियान का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि पुनः विगत 10 वर्षों के भीतर एनीकट में रेत, मिट्टी के टीले बन गए है तथा इसके ऊपर झाड़ियां उग जाने से एनीकट की जल संग्रहण क्षमता घट गई है। इसके अंतर्गत जल संसाधन विभाग द्वारा तट बंध एवं घाट निर्माण हेतु खोदी गई नींव की पूरी मिट्टी भी नदी के भीतर ही जमा कर दी गई है जिसके कारण ग्रीष्म ऋतु में नागरिकों को पेय जल कष्ट का सामना करना पड़ता है।
       समिति के प्रतिनिधि मंडल ने डॉ रमन सिंह जी को सौंपे गए ज्ञापन में यह मांग की गई है कि नगर की पेय जल समस्या के स्थायी समाधान हेतु फिल्टर प्लांट से लेकर ऑक्सीजोन के बीच स्थित जल संग्रहण क्षेत्र में स्थित कीचड़, मिट्टी बरसात के पूर्व हटाकर एनीकट की गहराई बढ़ाई जाने संबंधी कार्यवाही के लिए कलेक्टर महोदय को आदेशित किया जावे। डॉ रमन सिंह जी द्वारा प्रतिनिधियों को उनकी मांग पर यथाशीघ्र कार्यवाही करने का आश्वासन दिया गया है।

Previous articleग्वालियर में गर्मी का प्रकोप बढ़ा, शहर का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा
Next articleपाक आर्मी के पक्ष में किया सोशल मीडिया पोस्ट, सरकारी स्कूल की टीचर सस्पेंड