राजनांदगांव, दीपावली पर्व पर बाजार में व्यवस्था बनाने सामूहिक प्रयास होगा। इसके लिए चेंबर आफ कामर्स के व्यापारियों से लेकर पसरा, ठेला और ई-रिक्शा वालों ने भी सहमति दी है। सोमवार को कलेक्ट्रेट में सामूहिक बैठक रखी गई है। बाजार से जुड़े सभी वर्ग ने अपनी बात रखी।
दरअसल त्योहारी सीजन लगते ही बाजार में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है। बेतरतीब पार्किंग और पसरा ठेलों की वजह से दिक्कत अधिक बढ़ जाती है। जिसे लेकर बैठक में सामूहिक रूप से निर्णय लिया गया। इसके तहत त्योहार तक बाजार में सुबह 10 से रात 9 बजे तक चार पहिया वाहनों को पूरी तरह प्रतिबंधित रखा जाएगा। वहीं छोटी गलियों में ई-रिक्शा वन-वे पर चलेंगी। जबकि शहर के भीतरी हिस्से के घुमंतू ठेले वालों को त्योहार तक फ्लाईओवर के नीचे ठेला लगाने कहा गया है। सभी ठेलों के लिए फ्लाईओवर के नीचे ही जगह निर्धारित की जा रही है। वहीं पसरा लगाकर व्यापार करने वालों को भी सड़क पर पसरा नहीं लगाने की हिदायत दी गई। बैठक में सभी पसरा वालों ने प्रशासन द्वारा निर्धारित किए गए जगहों पर ही पसरा लगाने की सहमति दी है। बाजार क्षेत्र में व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। इससे बाजार क्षेत्र में जाम नहीं लगेगा।
सख्ती: निर्धारित स्थल पर ही वाहनों को खड़ा करना होगा बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने किए जा रहे प्रयासों का सभी को सख्ती से पालन करना होगा। बैठक में निर्णय लिया गया है कि नियम की अनदेखी करने और बनाई योजना के इतर दुकान लगाता है, तो उस पर सीधे जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह निर्धारित स्थल पर ही वाहनों को खड़ा किया जाएगा। इसके लिए मार्किंग भी की जाएगी।
कलेक्टर-एसपी बोले सभी का सहयोग इसमें जरूरी बैठक में मौजूद दुकानदारों, व्यापारियों, फुटकर विक्रेताओं से कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसपी मोहित गर्ग ने सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में बाजार में व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग जरुरी है। सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
भीड़ वाली जगहों पर वॉलंटियर्स की तैनाती होगी बाजार के भीड़ जुटने वाले हिस्सों में व्यवस्था बनाने वॉलंटियर्स भी तैनात किया जाएगा। इसे लेकर भी बैठक में निर्णय लिया गया है। ऐसे चौक व चौराहे जहां भीड़ अधिक जुटती है। वहां वॉलंटियर्स के माध्यम से व्यवस्था बनाया जाएगा। यह व्यवस्था दिवाली में पूरे सप्ताह भर तक बनी रहेगी। इसके अलावा लोगों को ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने लगातार जागरुक किया जाएगा। पार्किंग के लिए मंडी परिसर, गुरुद्वारा चौक के सामने, फ्लाईओवर के नीचे, गंज चौक के पास व्यवस्था बनाई जा रही है। इन्हीं जगहों पर सभी तरह के चार पहिया व दुपहिया वाहन पार्किंग होंगे।






