प्रयागराज-करेली के करेलाबाग में रहने वाले व्यापारी अमर सिंह साहू (30) ने शुक्रवार को पत्नी से विवाद के बाद खुद को गोली से उड़ा लिया। घरवाले उसे अस्पताल लेकर भागे, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। जिस वक्त वारदात हुई, मृतक के ससुरालवाले भी मौजूद थे, जो उसकी पत्नी को लेने आए थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
करेलाबाग की नारायणपुरम कॉलोनी निवासी श्यामसुंदर किराना व्यापारी हैं। बेटा न होने के कारण उन्होंने अपने भाई के बेटे अमर को बचपन में ही गोद ले लिया था। सात साल पहले उसकी शादी कौशांबी के मूरतगंज भरवारी निवासी नेहा गुप्ता से हुई थी। शादी के बाद उनके एक बेटी भी हुई। पिछले कुछ महीनों से पति-पत्नी के बीच बन नहीं रही थी और आए दिन उनके बीच विवाद भी होता था। शुक्रवार को भी विवाद हुआ, जिसकी सूचना पर सुबह पत्नी के घरवाले उसे लेने आ गए। अमर पत्नी को ले जाने का विरोध कर रहा था।
इसी दौरान अचानक वह दुकान की ओर गया और तमंचे से खुद को गोली से उड़ा लिया। फायरिंग की आवाज सुनकर घरवाले दौड़े तो वह जमीन पर मृत पड़ा मिला। बगल में ही तमंचा पड़ा था। सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच के बाद शव को मर्चरी भेजवाया। पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया यही सामने आया है कि मृतक पत्नी को मायके जाने के लिए मना कर रहा था। बात न मानने पर आक्रोशित होकर उसने खुदकुशी कर ली। तमंचा कहां से आया, इसकी जांच की जा रही है।
प्रताड़ना से तंग आकर दी जान
पुलिस इसे खुदकुशी बता रही है, लेकिन मृतक के पिता का आरोप है कि ससुरालवालों की प्रताड़ना से तंग आकर उसने अपनी जान दी। पिता ने आरोप लगाया कि बेटा ससुरालवालों व अपनी पत्नी से मिन्नत करता रहा। अपनी बेइज्जती होने की भी दुहाई दी, लेकिन पत्नी सारा सामान समेटकर जाने की जिद पर अड़ी रही। इसी से तंग आकर उसने जान दी। यह भी बताया कि कुछ दिनों पहले भी बेटे की पत्नी घर छोड़कर मायके चली गई थी।
