दुर्ग जिले में रविवार दोपहर तेज आंधी के साथ आधे घंटे की बारिश ने मौसम का मिजाज कुछ ठंडा किया तो वहीं बिजली विभाग की अव्यवस्था की पोल खोल दी। तेज आंधी के चलते शहर के सबसे पॉश इलाके में पेड़ गिरने से एक साथ 7 बिजली के खंभे गिर गए, जिससे वहां के लोगों को अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। रविवार दोपहर एक बजे तक दुर्ग जिले के तापमान 44-45 डिग्री सेंटीग्रेट तक पहुंच चुका था। इस बीच अचानक आई बदली ने मौसम का मिजाज ही बदल दिया। तेज आंधी के साथ ही आधे घंटे तक बारिश हुई।
हालांकि ये बारिश सिर्फ भिलाई क्षेत्र में हुई, जबिक दुर्ग सूखा रहा, लेकिन इससे मौसम का मिजाज ठंडा हो गया। ठंडी हवा और बारिश ने दिन के अधिकतम तापमान को 42.4 डिग्री सेंटीग्रेट और न्यूनतम 30 डिग्री सेंटीग्रेट तक पहुंचा दिया। शाम को 7 बजे के बाद मौसम का मिजाज ठंडा रहा। यहां शाम से बदली छाई रही। वहीं रात में ठडी हवाएं चलने के साथ ही हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके चलते लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान की माने तो आने वाले तीन दिन गर्म हवाएं चलने की संभावना है।







