राजनांदगांव -जिले के वनांचल मोहला ब्लॉक के संकुल केन्द्र ककईपार में संकुल स्तरीय डिजिटल स्कूल का उद्घाटन संसदीय सचिव एवं विधायक मोहला-मानपुर इन्द्रशाह मंडावी द्वारा किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में संसदीय सचिव मंडावी ने शिक्षकों को प्रेरित करने वाले जिला मीडिया प्रभारी सतीश ब्यौहरे, एबीईओ राजेन्द्र कुमार देवांगन एवं संकुल समन्वयक घनश्याम सिंह देशमुख के कार्यों की सराहना करते हुए संकुल के शिक्षकों की भी प्रशंसा की। इनकी आदर्श एवं सद्भावनापूर्ण सोच के कारण संकुल ककईपार के 23 प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं मे स्मार्ट क्लास के लिए शिक्षकों के स्वयं के प्रयासों एवं आर्थिक सहयोग से एंड्रॉइड स्मार्ट टीवी लगाया जा सका है। इस मौके पर विधायक इन्द्रशाह मंडावी एवं समाजसेवी संजय जैन ने शिक्षकों के इस सहयोग को समाज सेवा का अनुकरणीय उदाहरण भी बताया।
इस कार्य में स्थानीय समुदाय का भरपूर सहयोग मिल रहा है। संसदीय सचिव द्वारा बेहतर कार्य के लिए ककईपार संकुल समन्वयक घनश्याम सिंह देशमुख को सम्मानित किया गया। बीईओ मोहला रोहित अम्बादे, बीआरसीसी खोमलाल वर्मा ने शिक्षकों एवं संकुल समन्वयक को प्रेरित करते हुए इसी तरह भविष्य में भी बेहतर कार्य करते रहने की सीख दी। कार्यक्रम में अध्यक्ष जनपद पंचायत मोहला लगनू राम चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत मोहला श्रीमती गमिता लोन्हारे, जनपद सदस्य नोहरू राम कुमेटी व नारद कचलामे तथा श्रीमती रेखा, ऐश्वर्य साहू, मीना मांझी, निखिल देशमुख, अजय राजपूत उपस्थित थे।
