बिलासपुर के बृहस्पति बाजार को व्यवस्थित करने जल्दी ही योजना तैयार होने की उम्मीद है। इससे पहले बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने बृहस्पति बाजार के नवीनीकरण के लिए 25 करोड़ की योजना बनाई थी, लेकिन इसे अमल में नहीं लाया जा सका। स्थान की कमी और रोड पर पार्किंग की समस्या के चलते मार्केट आने-जाने में लोगों को सालों से दिक्कत हो रही है।
शनिचरी, चांटीडीह के बाद यह शहर का सबसे बड़ा सब्जी मार्केट है। कलेक्टर अवनीश कुमार शरण ने बाजार की उपयोगिता तथा मौके पर ट्रैफिक की समस्या को दूर करते हुए मल्टीलेवल मार्केट बनाने कहा है। इसके लिए नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार को उन्होंने डीपीआर तैयार कराने कहा है।
कलेक्टर ने गुरुवार को बिलासपुर स्मार्ट सिटी तथा नगर निगम के जोन कमिश्नरों की समीक्षा बैठक बुलाई। इसमें उन्होंने बृहस्पति बाजार में मल्टीलेवल मार्केट बनाने के लिए प्रस्ताव जल्द भेजने कहा। कलेक्टर ने दैनिक भास्कर को बताया कि बृहस्पति बाजार को विकसित करने के लिए फंड डीएमएफ से उपलब्ध कराया जाएगा।
नागपुर के महल मार्केट की तर्ज पर बनेगा
निगम कमिश्नर ने हाल ही में नागपुर के बुधवारी बाजार महल मार्केट के रिडेवलपमेंट स्कीम का जायजा लेने इंजीनियरों की टीम भेजी थी। वहां 135 करोड़ की लागत से मार्केट सहित शॉपिंग कांप्लेक्स, पार्किंग आदि की योजना पर काम चल रहा है।
निगम के इंजीनियर ने बताया कि नागपुर की स्कीम, ड्राइंग, डिजाइन का जायजा लिया जा चुका है। अब बिलासपुर के परिवेश में बेहतर मार्केट बनाने के लिए डीपीआर तैयार कराया जाएगा। इसके लिए शासन द्वारा निर्धारित पिल्लीवार एसोसिएट्स, रायपुर को निर्देशित किया जा रहा है।
स्मार्ट सिटी के 84 काम पूरे होने का दावा
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अप्रारंभ कार्यों को जल्द पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जो काम पूरे हो चुके हैं उनका यूसीसी और सीसी जल्द जारी करें। उन्होंने सिम्स मार्ग का काम, बृहस्पति बाजार में मल्टी लेवल सब्जी मार्केट, हैप्पी स्ट्रीट, बस स्टैंड में मरम्मत के कार्य और जोरा तालाब सौंदर्यीकरण, दिव्यांग फ्रेन्डली फुटपाथ का कार्य जल्द पूरा कराने कहा।
इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान के लिए कार्य योजना बनाने के लिए भी कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं। स्मार्ट सिटी के कामों की जानकारी देते हुए नगर निगम कमिश्नर ने बताया कि 105 कामों में से 84 काम पूरे हो चुके हैं।
काम की धीमी गति पर नाराजगी जताई
कलेक्टर ने समीक्षा बैठक में निगम के अधिकारियों को बारिश के पहले बड़े नालों की सफाई करने और निर्माण कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी जाहिर करते उन्होंने स्मार्ट सिटी के कार्यों को जल्द पूरा करने को कहा। उन्होंने काम की गति बढ़ाकर सभी प्रगतिरत काम समय सीमा में पूरा कराने कहा।







