Home छत्तीसगढ़ CG : छत्‍तीसगढ़ में ठंड ने पकड़ी रफ्तार, 21 दिसंबर तक गिरेगा...

CG : छत्‍तीसगढ़ में ठंड ने पकड़ी रफ्तार, 21 दिसंबर तक गिरेगा तापमान, अंबिकापुर सबसे सर्द

16
HEERA MANIKPURI

राजधानी सहित पूरे छत्‍तीसगढ़ में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। अंबिकापुर सहित उत्तरी छत्तीसगढ़ इन दिनों सर्वाधिक ठंड की चपेट में है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।

वहीं, गिरावट का यह दौर 21 दिसंबर तक जारी रहेगा, जबकि इसके बाद अगले पांच दिनों तक तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने के आसार नहीं हैं। इसी बीच सोमवार को राजधानी का मौसम साफ रहने की संभावना है।

वहीं, अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने के आसार हैं। इसी बीच रविवार को राजधानी सहित प्रदेशभर में मौसम साफ रहा और प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस तिल्दा और न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

नमी कम होते ही गिरेगा तापमान

मौसम विज्ञानियों के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ, चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण द्रोणिका के रूप में जम्मू-कश्मीर के ऊपर स्थित है। इसका अक्ष मध्य क्षोभमंडल में 5.8 किलोमीटर पर 74 डिग्री पूर्व और 32 डिग्री उत्तर में स्थित है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने कारण, वातावरण में नमी की मात्रा घटने की प्रबल संभावना है, जिसकी वजह से न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर प्रारंभ होने संभावना है। इस अवधि में न्युनतम तापमान में लगभग दो से तीन डिग्री के आसपास गिरावट हो सकती है।

अधिकतम तापमान ज्यादा, न्यूनतम कम

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले तीस वर्षों के औसत तापमान से न्यनूतम और अधिकतम तापमान दोनों में ही अंतर देखने को मिल रहा है। अधिकतम तापमान कुछ जगहों पर जहां चार डिग्री सेल्सियस तक अधिक है, वहीं न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक कम चल रहा है।

गर्म कपड़ों का बाजार सजा

ठंड बढ़ने के साथ ही गर्म कपड़ों के बाजार ने भी रफ्तार पकड़ ली है। मोतीबाग, सुंदर नगर, शंकर नगर सहित कई क्षेत्रों में गर्म कपड़ों के बाजार में लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है। वहीं, आगामी दो से तीन दिनों में तापमान में गिरावट के साथ ही गर्म कपड़ों के बाजार में भीड़ और भी बढ़ने के आसार हैं।

जानिए, कुछ प्रमुख शहरों में कितना रहेगा न्यूनतम तापमान

रायपुर 14.0

पेंड्रा रोड 9.6

अंबिकापुर 6.3

दुर्ग 10.6

राजनांदगांव 11.5

बिलासपुर 12.6

Previous articleविधानसभा सत्र में नरोत्तम सहित नहीं दिखेंगे ये चेहरे, इनकी होगी सदन में पहली बार एंट्री
Next articleअधिमान्य पत्रकार नेतृत्व समिति के जिला अध्यक्ष उमरिया नियुक्त हुए शर्मा