कलाई पर रक्षा का प्रतीक सूत्र राखी बंधाकर भाई बहनों की रक्षा का वचन देता है लेकिन इस कोरोना काल में लापरवाह भाइयों की रक्षा के लिए सजग पुलिस विभाग की बहनों ने उन्हे कलाई पर राखी बांधी है।
राजनांदगांव . कोरोना संक्रमण काल में मास्क पहनने के लिए लोगों को बार-बार समझाईश देकर थक चुकी राजनांदगांव पुलिस ने एक अनोखी पहल की है। मास्क नहीं पहनने वाले लोगों को जागरूक करने व उनकी सुरक्षा के मद्देऩजर महिला पुलिस अधिकारी कर्मचारियों ने ऐसे लापरवाह लोगों को राखी बांधकर उन्हे घर में सुरक्षित रहने की हिदायत दी है। एडिशनल एसपी श्रीमती सुरेशा चौबे के नेतृत्व में पुलिस विभाग के द्वारा शहर के सभी चौक चौराहों में महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है और इस दौरान बिना मास्क लगाएं घूम रहे हैं लोगों को रोककर पुलिस विभाग की बहने उन्हें उनके जिंदगी का महत्व समझा रही है और उनकी सुरक्षा के लिए रक्षा का प्रतीक सूत्र राखी उनके हाथों में बांध रही हैं।

कोरोना संक्रमण से बचने के लिए लोगों को शासन-प्रशासन के द्वारा छोटा सा उपाय करने कि बार-बार सलाह दी जा रही है जिसके तहत हाथों को थोड़ी-थोड़ी देर पर साबुन से धोना या सैनिटाइजर का उपयोग करने सहित मास्क लगाने की हिदायत दी जा रही है। इसके बावजूद लोग शहर की सड़कों पर लापरवाही पूर्वक घूम रहे और मास्क भी नहीं लगा रहे हैं। ऐसे लोगों को समझा कर थक चुकी पुलिस विभाग की महिला पुलिस कर्मचारी इस रक्षाबंधन के मौके पर ऐसे भाइयों को उनके जीवन का महत्व समझा रही है और उनकी कलाई पर राखी बांधकर उन्हें मास्क लगाने कह रही हैं। वहीं मास्क नहीं लगाने वालों को घर में ही रहने की सलाह भी दे रही हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे के नेतृत्व में किये जा रहे पुलिस विभाग के इस अनोखे जागरूकता अभियान से कुछ लापरवाह भाइयों ने भी इस काम की सराहना की और मास्क लगाने का वचन भी बहनों को दिया है।
